प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भारतीय कंपनियों से जरूरी वस्तुओं का उत्पादन बनाये रखने की अपील की । उन्होंने साथ ही उद्योग जगत से यह सुनिश्चित करने को कहा है इन आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी और कालाबजारी नहीं हो।मोदी ने कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिये उठाये जा रहे कदमों के बीच यह अपील की है।
यहां जारी आधिकारिक बयान के अनुसार प्रधानमंत्री ने उद्योग प्रतिनिधियों के साथ वीडियो कांफ्रेन्सिंग के जरिये वर्तमान स्थिति पर बातचीत की। मोदी ने कहा कि महामारी का आने वाले समय में पर्यटन, निर्माण और होटल उद्योग जैसे कई क्षेत्रों पर असर महसूस किया जाएगा। उन्होंने उद्योपतियों से अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की छूट देने और उनके कारोबार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने के बावजूद श्रमिकों का वेतन नहीं काटने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘इस समय जरूरी है कि आवश्यक वस्तुओं का उत्पादन प्रभावित नहीं होना चाहिए और साथ ही यह भी सुनिश्चित होना चाहिए कि इन वस्तुओं की जमाखोरी तथा कालाबजारी नहीं हो।’’इस बातचीत में एसोचैम, फिक्की, सीआईआई और देश भर के 18 शहरों के स्थनीय उद्योग मंडलों के प्रतिनिधि शामिल हुए।


Download Android App
Download iOS App



