मॉरीशस के राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह रूपउन ने आज मोक्षनगरी के नाम से प्रसिद्ध बिहार में गया शहर के विष्णुपद मंदिर परिसर में अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए तीन प्रमुख स्थलों पर श्रद्धा के साथ पिंडदान किया।
मॉरीशस के राष्ट्रपति रूपउन ने पिंडदान करने के बाद अक्षयवट में पिंड को विसर्जन भी किया। पिंडदान करने के बाद वह विष्णुपद मंदिर गए, जहां उन्होंने भगवान विष्णु के चरण की पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर के प्रबंधक गजाधर लाल पंडा ने राष्ट्रपति के पूरे कर्मकांड को सम्पन्न करवाया।
रूपउन ने इस मौके पर कहा कि वह यहां से लौटने के बाद मॉरीशस जाकर लोगों को यहां आने के लिए प्रोत्साहित करेंगे और उन्हें कहेंगे कि वे एक बार जरूर विष्णुपद मंदिर में जाएं और वहां जाकर श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना करें। उन्होंने कहा कि ऐसे भी हमारे पूर्वज गया जिले के माटी में पैदा हुए थे और रोजी-रोटी के लिए मॉरीशस चले गए थे।
मॉरीशस के राष्ट्रपति ने कहा, ‘हमारा पुराना लगाव बिहार से रहा है और इसलिए यहां की माटी को हम नमन करते हैं।’ इसके बाद राष्ट्रपति नालंदा के लिए रवाना हो गए। श्री रूपउन ने अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान महाबोधि मंदिर और विष्णुपद मंदिर के दर्शन किये।


Download Android App
Download iOS App



