देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में जनरल बिपिन रावत (मरणोपरांत) और कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद समेत कई हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगे।आज के समारोह में दो व्यक्तियों को पद्म विभूषण, आठ को पद्म भूषण और 54 को पद्म श्री पुरस्कार दिये जाएंगे।इनमें से, देश के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत और गीताप्रेस के अध्यक्ष राधेश्याम खेमका को मरणोपरांत पद्म विभूषण सम्मान प्रदान किया जाएगा।
कुल 128 पद्म पुरस्कार दिए जा रहे हैं
जानकारी के मुताबिक, पद्म भूषण पाने वालों में गुलाम नबी आजाद, पंजाबी लोक गायिका गुरमीत बावा (मरणोपरांत), टाटा संस के अध्यक्ष एन. चंद्रशेखरन, पूर्व नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक राजीव महर्षि, कोविड रोधी टीके ‘कोविशील्ड’ निर्माता कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के प्रमुख साइरस पूनावाला और अन्य लोग शामिल हैं।इस साल कुल 128 पद्म पुरस्कार दिए जा रहे हैं जिनमें दो युग्म पुरस्कार (युग्म पुरस्कारों को एकल पुरस्कार गिना जाता है) शामिल हैं।
2022 के लिए कुल चार पद्म विभूषण, 17 पद्म भूषण और 107 पद्मश्री
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2022 के लिए कुल चार पद्म विभूषण, 17 पद्म भूषण और 107 पद्मश्री पुरस्कार दिए जा रहे हैं। पुरस्कार पाने वालों की सूची में 34 महिलाएं हैं। इसके अलावा 13 लोगों को पद्म पुरस्कार मरणोपरांत प्रदान किये जा रहे है। पद्म पुरस्कार देने के लिए दूसरा समारोह राष्ट्रपति भवन में 28 मार्च को आयोजित होगा।


Download Android App
Download iOS App



