12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा रद्द होने पर प्रियंका ने किया ट्वीट – छात्रों को बधाई, आपकी आवाज सुनी गई

Summary :

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कोरोना महामारी की दूसरी लहर के कारण केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा रद्द किए जाने के बाद मंगलवार को छात्रों को बधाई दी और कहा कि आखिरकार उनकी आवाज सुनी गई।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कोरोना महामारी की दूसरी लहर के कारण केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा रद्द किए जाने के बाद मंगलवार को छात्रों को बधाई दी और कहा कि आखिरकार उनकी आवाज सुनी गई।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘12वीं कक्षा के छात्रों को बधाई। आपकी आवाज सुनी गई। इतनी अनिश्चितता और दबाव के बाद आप लोग आज आराम करने और जश्न मनाने के हकदार हैं। खुशहाल, स्वस्थ और उज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।’’

प्रियंका ने सोमवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक को पत्र लिखकर आग्रह किया था कि कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर को ध्यान में रखते हुए सीबीएसई की 12वीं कक्षा की परीक्षा कराने पर पुनर्विचार किया जाए।
गौरतलब है कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर के मद्देनजर केंद सरकार ने मंगलवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया।यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक के बाद लिया गया।
बता दें , प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक मोदी ने कहा कि छात्रों का स्वास्थ्य और उनकी सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है और इससे किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि परीक्षा को लेकर छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों की उत्सुकता को समाप्त किया जाना चाहिए। 
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे तनाव भरे माहौल में छात्रों को परीक्षा में शामिल होने को लेकर दबाव नहीं डाला जाना चाहिए। बैठक में प्रधानमंत्री ने सीबीएसई अफसरों से कहा कि सीबीएसई बारहवीं कक्षा के छात्रों के रिजल्ट को वेल डिफाइंड मानदंडों के अनुसार समयबद्ध तरीके से तैयार किया जाए।
इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी, प्रधानमंत्री के प्रमुख सचिव, कैबिनेट सचिव और शिक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। यह बैठक ऐसे समय में हुई जब कोविड पश्चात जटिलताओं के कारण केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक को मंगलवार सुबह एम्स में भर्ती कराया गया ।

Ujjwal Jain