राज्यसभा: प्रश्नकाल में संक्षिप्त होंगे सवाल व जवाब, उपसभापति हरिवंश ने किया सदस्यों से आग्रह

Summary :

राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने बुधवार को सदन में सदस्यों और मंत्रियों से अनुरोध किया कि वे प्रश्नकाल में पूरक सवाल करते हुए या उनके उत्तर देते हुए अधिक समय नहीं लें।

राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने बुधवार को सदन में सदस्यों और मंत्रियों से अनुरोध किया कि वे प्रश्नकाल में पूरक सवाल करते हुए या उनके उत्तर देते हुए अधिक समय नहीं लें। हरिवंश ने उच्च सदन में प्रश्नकाल के दौरान यह आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न दलों के कुछ वरिष्ठ सदस्यों ने आज सभापति एम वेंकैया नायडू से मुलाकात की और उनसे कहा कि उनके सवालों का नंबर नहीं आ रहा।
प्रश्नकाल में संक्षिप्त हो सवाल और जवाब 
उपसभापति ने कहा कि इसके पीछे दो वजहें बतायी गयीं जिनमें से एक सदस्यों द्वारा सवाल पूछने में ज्यादा समय लेना है वहीं दूसरा कारण मंत्रियों द्वारा लंबा उत्तर दिया जाना है। उन्होंने कहा कि सभापति का निर्देश है कि प्रश्नकाल में सवाल व जवाब संक्षिप्त होने चाहिए।
उन्होंने सदस्यों से आग्रह करते हुए कहा कि अगर सवाल पूछने वाले सदस्य संक्षिप्त सवाल पूछें और मंत्री भी संक्षेप में जवाब दें तो अधिक सदस्यों को प्रश्न पूछने का मौका मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि अगर सदस्य व मंत्री समय का ध्यान नहीं रखेंगे तो प्रश्नकाल में चार से पांच सवालों के ही जवाब मिल पाएंगे।

Desk Team