नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं लंबे जीवन की कामना की। गांधी ने फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं| मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य, लंबे जीवन और मन की ख़ुशी की कामना करता हूँ| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सहित पार्टी के कई नेताओं ने भी आडवाणी को उनके 91वें जन्मदिन के अवसर पर शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रीय राजनीति, भाजपा को खड़ा करने एवं इसकी विचारधारा के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान को याद किया। आडवाणी का जन्म अविभाजित हिंदुस्तान के कराची (अब पाकिस्तान में) में 1927 में हुआ था।
राहुल दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ जायेंगे
राहुल गांधी कल से छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। पार्टी महासचिव एवं प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख शैलेश नितिन त्रिवेदी ने आज यहां इसकी जानकारी देते हुए बताया कि श्री गांधी नियमित विमान से रायपुर पहुंचने के बाद यहां से हेलीकाप्टर से कल 09 नवम्बर को पहली जनसभा कांकेर जिले के पंखाजूर में सम्बोधित करेंगे। श्री गांधी इसके बाद राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ में तथा जिले की दूसरी जनसभा डोंगरगढ़ में सम्बोधित करेंगे। श्री गांधी इसके बाद मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह के चुनाव क्षेत्र राजनांदगांव पहुंचेगे,और यहां रोड शो करेंगे।इस सीट पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी करूणा शुक्ला कांग्रेस की उम्मीदवार है।
श्री गांधी राजनांदगांव में ही रात्रि विश्राम भी करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष अगले दिन 10 नवम्बर को चारामा में जनसभा सम्बोधित करेंगे। उनकी दूसरी जनसभा कोंडागांव में होगी। इसके बाद वह बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर में कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल होंगे। पहले चरण की जिन सीटो पर श्री गांधी प्रचार के लिए पहुंचेगे वहां पर 10 नवम्बर की शाम को प्रचार समाप्त हो जायेगा। इन सीटो पर 12 नवम्बर को मतदान होगा।


Download Android App
Download iOS App



