देशभर में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। इसी बीच कांग्रेस नेता और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सुझाव दिया है कि कोरोना वायरस हॉटस्पॉट को अलग करना चाहिए और अन्य क्षेत्रों में व्यापार को फिर से खोलने की अनुमति देनी चाहिए। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि पूरे देश में एक ही तरह का लॉकडाउन लागू करने से करोड़ों किसानों, मजदूरों और कारोबारियों को बहुत पीड़ा हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना वायरस से ज्यादा प्रभावित इलाकों (हॉटस्पॉट) को अलग करने के साथ ही दूसरे क्षेत्रों में कारोबार क्रमबद्ध खुलने दिया जाए। प्रधानमंत्री द्वारा देशव्यापी लॉकडाउन के विस्तार की घोषणा के बाद कांग्रेस ने गरीबों की मदद के लिए सरकार की रणनीति पर सवाल उठाया है।
राहुल गांधी ने केंद्र पर लगाया आरोप, बोले- खरीद में विलंब से हुई कोरोना जांच किट की कमी
पार्टी ने केंद्र को कोरोनावायरस के लिए लोगों का टेस्ट किए जाने के संबंध में भी रणनीति बनाने को कहा है। कांग्रेस ने पहले लॉकडाउन चरणबद्ध तरीके से हटाने की मांग की थी और कई उपायों का सुझाव दिया था। वहीं पार्टी अध्यक्ष ने गरीबों को मुफ्त में राशन प्रदान करने का सुझाव भी दिया था। इसके अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने भी एमएसएमई और उद्योग के लिए प्रोत्साहन पैकेज की मांग की है।
केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में यह भी कहा है कि किसानों, मजदूरों व व्यापारियों को एक ही पैमाने से नहीं देखना चाहिए। उन्होंने ट्वीट किया, किसानों, श्रमिकों, दिहाड़ी मजदूरों, व्यापारियों सभी को एक पैमाने से नहीं देखा जा सकता। पूर्ण लॉकडाउन कई वर्गों के लिए विपदा बन गया है। देश को स्मॉर्ट समाधान की जरूरत है। बड़े स्तर पर टेस्ट, वायरस हॉटस्पॉट की पहचान और घेराव, बाकी जगहों पर सावधानी से धीरे-धीरे कामकाज शुरू होना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



