देश में कोविड-19 के रोज आने वाले नए मामले कम हो गए हैं और अब संक्रमण दर 9.42 प्रतिशत है, जबकि एक दिन में इस बीमारी से उबरने वाले मरीजों की संख्या लगातार 13वें दिन संक्रमित पाए जाने वाले नए मरीजों से अधिक है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को कोविड-19 के सबसे अधिक 22,17,320 नमूनों की जांच की गई, जिससे देश में जांच किए जाने वाले कुल नमूनों की संख्या 33,48,11,496 हो गई है, जबकि रोज संक्रमित पाए जाने वाले मरीजों की संख्या गिरकर 9.42 प्रतिशत हो गई है।
मंत्रालय ने बताया कि यह लगातार दूसरा दिन है, जब संक्रमण दर 10 प्रतिशत से कम है। साप्ताहिक संक्रमण दर भी गिरकर 11.45 प्रतिशत रह गई है। भारत में एक दिन में 2,95,955 लोग संक्रमण मुक्त हुए जबकि 2,08,921 नए मामले आए। अब तक स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 2,43,50,816 हो गई है।
संक्रमण के रोज नए आने वाले मामले लगातार 10वें दिन तीन लाख से कम हैं। देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 24,95,591 रह गई है। यह संक्रमण के कुल मामलों का 9.19 प्रतिशत है। बुधवार को सुबह सात बजे तक उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, देश में अब तक 20,06,62,456 लोगों को कोविड-19 रोधी टीके लग गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



