देश में कोरोना महामारी के संकट के दौर में वैक्सीन की खासी कमी चल रही है, इस वजह से देश के कई राज्यों में टीकाकरण अभियान मे बाधा उत्पन्न हुई है। वैक्सीन की कमी के चलते कोरोना के खिलाफ लड़ाई कुछ हद तक कमजोर हुई है, पर वहीं, अब दूसरी तरफ सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) ने जून में कोविशील्ड टीके की नौ से 10 करोड़ खुराकों के उत्पादन एवं आपूर्ति करने के बारे में सरकार को सूचित किया है।
पिछले कुछ समय से राज्यों की ओर से कोविड-19 टीके की कमी की शिकायत के बीच आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। हाल ही में गृह मंत्री अमित शाह को भेजे गए एक पत्र में एसआईआई ने कहा कि महामारी के कारण खड़ी हुई चुनौतियों के बावजूद उसके कर्मचारी 24 घंटे काम कर रहे हैं।
एसआईआई में सरकारी एवं नियामक मामलों के निदेशक प्रकाश कुमार सिंह ने पत्र में कहा, ”हमे यह बताते हुए प्रसन्नता है कि हम जून के महीने में कोविशील्ड टीके की नौ से 10 करोड़ खुराकों का उत्पादन एवं आपूर्ति करने में सक्षम होंगे, जोकि मई में हमारी उत्पादन क्षमता 6.5 करोड़ खुराकों की तुलना में अधिक है।”
उन्होंने कहा, ”हम आपको भरोसा दिलाते हैं कि भारत सरकार के समर्थन और आपके मार्गदर्शन में हम आने वाले महीनों में भी टीका उत्पादन की क्षमता को बढ़ाने के लिए अपने संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग करने का प्रयास कर रहे हैं।” वहीं, राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को इस बात की स्पष्ट तौर पर जानकारी दे दी गयी है कि जून 2021 में उन्हें टीके की कितनी खुराकों की आपूर्ति की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, भारत सरकार की ओर से जून के महीने में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को उनके वहां मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों, अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मचारियों के अलावा 45 अथवा उससे अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए टीके की 6.09 करोड़ खुराक निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



