कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को यानी आज केंद्र की मोदी सरकार के किसानों और आम लोगों के प्रति ‘असंवेदनशील’ होने पर निशाना साधा। संसदीय दल की बैठक में बोलते हुए, सोनिया ने सांसदों से तीन कृषि कानूनों के खिलाफ साल भर के विरोध प्रदर्शन के दौरान मारे गए किसानों के बलिदान का सम्मान करने को कहा।
संसदीय दल की बैठक में सोनिआ हुई सरकार पर हमलावार
इसके साथ ही सोनिया ने सीमा सुरक्षा को लेकर भी केंद्र पर वार करते हुए कहा कि सरकार को इस मुद्दे पर संसद में विस्तृत चर्चा करनी चाहिए। वहीं देश में महंगाई आसमान छू रही है और लोग अब बदलाव चाहते हैं। एक तरफ सरकार देश की संपत्ति को बेच रही है तो वहीं दूसरी तरफ आम लोग महंगाई से परेशान हैं। इसके आलावा उन्होंने 12 सांसदों के निलंबन पर भी सरकार को खूब सुनाया।
मृत प्रदर्शनकारी किसानों का करें सम्मान
सोनिया ने कहा, “आइए उन 700 किसानों का सम्मान करें जिन्होंने (उनकी हड़ताल के दौरान) अपने प्राणों की आहुति दी। मोदी सरकार किसानों और आम लोगों के प्रति असंवेदनशील है।आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि हर परिवार का मासिक बजट जला रही है।” बता दें कि कांग्रेस महंगाई के मुद्दे पर 12 दिसंबर को एक बड़े प्रदर्शन की तैयारी में है।
राहुल गांधी ने किसानों को लेकर कही थी ये बात
इससे पहले मंगलवार को, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि किसानों के परिजनों को मुआवजा और नौकरी नहीं देना और उनके खिलाफ पुलिस मामले वापस नहीं लेना केंद्र सरकार की ‘बड़ी गलती’ होगी। लोकसभा में उन्होंने एक सूची भी प्रस्तुत की जिसमें विरोध के दौरान मारे गए सभी किसानों के नाम थे। किसानों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेता मोदी सरकार के खिलाफ मुखर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



