कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। सोनिया गांधी ने सोमवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए वर्चुअल रैली की। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि उनकी सरकार में नौजवानों को घर में बैठने को मजबूर कर दिया, न सुरक्षा दी, न नौकरियां दी। उत्तर प्रदेश के राजनीतिक महासमर में वर्चुअल रैली के माध्यम से सोनिया गांधी ने रायबरेली की जनता को कांग्रेस के प्रत्याशी को बढ़-चढ़कर वोट देने की अपील करते हुए कहा कि कोरोना काल में कांग्रेस की ओर से की गई सारी कोशिशों पर भाजपा ने पाबंदी लगा दी।
भाजपा सरकार में नौजवान घर में बैठने को मजबूर हो गए हैं। यूपी में भाजपा ने न तो युवाओं को रोजगार दिया और न ही कोई राहत। महंगाई की मार से महिलाओं को घर चलाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लॉकडाउन में लोगों का ध्यान नहीं रखा गया। देश के किसान परेशान है।
सरकारी कंपनियों को कौड़ियों के दाम बेच दिया गया
कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी ने कहा कि सरकारी कंपनियों को कौड़ियों के दाम बेच दिया गया। लिहाजा अब जनता महंगाई से जनता परेशान है। हमने मनरेगा कानून बनाकर लोगों को रोजगार का अधिकार दिया था। दोनों मोदी, योगी सरकार गैर-जिम्मेदार है इन्होंने जनता को राहत नहीं दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी रायबरेली क्षेत्र के लिए कई विकास योजनाएं लेकर आई लेकिन मोदी-योगी सरकार ने उन सभी पर रोक लगा दी। रायबरेली के साथ सौतेला व्यवहार किया गया।
उन्होंने कहा, ‘आपने 5 साल ऐसी सरकार देखी, जिसने अलगाव पैदा करने के अलावा कोई काम नहीं किया। 12 लाख से ज्यादा सरकारी पद खाली हैं लेकिन सरकार उन पदों को नहीं भर रही है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस सिलेंडर के दाम इतने बढ़ गए हैं कि घर चलाना मुश्किल हो गया है।
यूपी में कांग्रेस पार्टी एक नया विजन लेकर आई
उन्होंने कहा, यूपी में कांग्रेस पार्टी एक नया विजन लेकर आई है। हमने महिलाओं के लिए शक्ति विधान, युवाओं के लिए भर्ती विधान और उत्तर प्रदेश के विकास के लिए उन्नति विधान तैयार किया है। प्रियंका गांधी ने 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को दिये हैं। उत्तर प्रदेश के हक की लड़ाई लड़ते हुए हमारे 18,000 कार्यकर्ता जेल भेजे गए। गौरतलब है कि यूपी का रायबरेली जिला काफी समय से वीआईपी और गांधी परिवार का गढ़ माना जाता है। कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी स्वयं रायबरेली की सांसद हैं। यूपी के चौथे चरण में नौ जिलों की 60 सीटों पर 23 फरवरी को मतदान होना है। इस चरण में कुल 624 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।


Download Android App
Download iOS App



