प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ को देश के जवानों का बड़ा पराक्रम बताते हुए शनिवार को कहा कि इस पर हर हिन्दुस्तानी को गर्व है। उन्होंने कहा, ‘’सर्जिकल स्ट्राइक मेरे देश के वीर जवानों का बहुत बड़ा पराक्रम था। दुश्मन के दांत खट्टे करने की ताकत मेरे देश का जवान रखता है। कौन हिंदुस्तानी होगा जिसको हमारे इन वीरों पर गर्व न हो।”
प्रधानमंत्री ने कहा ”क्या हो गया है कांग्रेस पार्टी को, क्या राजनीति ने कांग्रेस को इतना नीचे धकेल दिया है कि पहले आपने ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ की बेइज्जती करने के कोशिश की, मेरे वीर जवानों के पराक्रमों को लांछन लगाने के लिये कोई मौका नहीं छोड़ा और जब उसका पराक्रम पर्व करके वीर गाथा को याद करके देश की युवा पीढी को प्रेरणा मिल रही थी तो आपको उसमें भी गन्दी हरकतें करने से आप बाज नहीं आए। शर्म आनी चाहिए ऐसे लोगों से।”
मोदी ने कहा कि जिन परिवारों में बिजली नहीं पहुंची है, वहां बिजली पहुंचाने के लिए राजस्थान सरकार मेहनत कर रही है। महात्मा गांधी की 150वीं जन्मशताब्दी तक हिन्दुस्तान में एक भी परिवार 18वीं शताब्दी में जीने के लिये मजबूर नहीं होगा, उसके घर में भी बिजली होगी।
उन्होंने कहा, ”हमारी सरकार में भी 30 प्रतिशत से अधिक महिलाएं काम कर रही हैं। शिक्षा और आरोग्य में तो इससे ज्यादा संख्या है। सरकार में काम करने वाली बहनों को प्रसव के समय के छुट्टी कम मिलती थी, लेकिन हमारी सरकार ने डिलीवरी की छुट्टी 26 हफ्ते कर दी। यह छुट्टी पगार के साथ होगी। यह निर्णय दुनिया के बड़े-बड़े देश भी नहीं कर पाए।” मोदी ने कहा कि तीन तलाक से मुस्लिम बहनों की रक्षा करने के लिए तीन तलाक कानून लाने का काम किया।


Download Android App
Download iOS App



