भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह अमेरिका के साथ यह तय करने पर बातचीत कर रहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत की यात्रा पर कब आ सकते हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही ट्रंप ने अपने व्यस्त कार्यक्रम का हवाला देते हुए अगले साल के गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का न्योता अस्वीकार कर दिया था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने बताया कि उच्च स्तरीय बातचीत दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी का एक अनिवार्य हिस्सा है और दोनों देश यह तय करने में जुटे हुए हैं कि ट्रंप भारत का दौरा कब कर सकते हैं।
कुमार ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “भारत और अमेरिका, दोनों यह निर्णय करने पर बातचीत कर रहे हैं कि ट्रंप भारत कब आ सकते हैं।”
प्रधानमंत्री मोदी ने दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति मून को तोहफे में भेजी ‘मोदी जैकेट’
कुमार ने अगले वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के भारत के न्योते को अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा अस्वीकार किए जाने के संबंध में पूछे जाने पर यह बात कही।
इससे पहले ट्रंप के फैसले के बारे में पूछे जाने पर व्हाइट हाउस प्रवक्ता ने कहा था, “राष्ट्रपति ट्रंप 26 जनवरी 2019 को भारत के गणतंत्र दिवस के मौके पर मुख्य अतिथि बनने के प्रधानमंत्री मोदी के न्योते से सम्मानित महसूस कर रहे थे लेकिन व्यस्त कार्यक्रम के चलते वह इसमें शामिल नहीं हो सकते हैं।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जून 2017 में वाशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ हुई वार्ता के दौरान ट्रंप को भारत आने का न्योता दिया था।


Download Android App
Download iOS App



