देश में 15 से 18 साल के 75% से ज्यादा लोगों को लगी वैक्सीन की पहली डोज, स्वास्थ्य मंत्री ने युवाओं को दी बधाई

Summary :

कोरोना वायरस के खिलाफ 15 से 18 साल की उम्र के 75 प्रतिशत से ज्यादा लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज दी गई है। ये जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने बुधवार को दी।

देश में कोरोना वायरस का प्रकोप लगातार अब लगभग नियंत्रित है, ऐसे में कोरोना महामारी को हराने के लिए सरकार पूरी तरह से कोशिश कर रही है। ऐसे में इस महामारी के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार वैक्सीन ही है। ऐसें में कोरोना वायरस के खिलाफ 15 से 18 साल की उम्र के 75 प्रतिशत से ज्यादा लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज दी गई है। ये जानकारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने बुधवार को दी।  
5,55,80,872 लोगों को कोरोना टीकों की पहली डोज 

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारत ने बुधवार सुबह तक इस आयु वर्ग के कुल 5,55,80,872 लोगों को कोरोना टीकों की पहली डोज और 3,20,34,392 लोगों को दूसरी डोज दी है। युवाओं को बधाई देते हुए, मंडाविया ने पोस्ट किया, हमारे युवा योद्धाओं पर गर्व है! 15-18 आयु वर्ग के 75 प्रतिशत से ज्यादा युवाओं को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज दी गई है। उन्होंने कहा, यंग इंडिया की भारी भागीदारी ने दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान को काफी मजबूत किया है।  
24 घंटे में 18.69 लाख से ज्यादा वैक्सीन की डोज दी गई  
बीते 24 घंटे में 18.69 लाख से ज्यादा वैक्सीन की डोज देने के साथ बुधवार सुबह तक देश का कोरोना टीकाकरण कवरेज 179.33 करोड़ तक पहुंच गया है।  इसके अलावा, देश ने बुधवार को ताजा कोरोना संक्रमण में 4,575 मामलों में मामूली वृद्धि दर्ज की, जबकि बीते दिन 3,993 मामले दर्ज किए गए थे। तो वहीं बीते 24 घंटे में कुल 145 नई मौतें भी हुई हैं, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,15,355 हो गई है। कोरोना के सक्रिय मामले कम होकर 46,962 हो गए हैं। देश में एक्टिव केस 0.11 प्रतिशत है।

Desk Team