बसपा सांसद दानिश अली और भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी विवाद पर लोक सभा की विशेषाधिकार समिति की मंगलवार को पहली बैठक होगी। बताया जा रहा है कि बिधूड़ी और दानिश अली, दोनों ही सदन की विशेषाधिकार समिति के सामने पेश होकर अपने ऊपर लगाए गए आरोपों के बचाव में अपना-अपना पक्ष रख सकते हैं।
ओम बिरला को पत्र लिखकर बिधूड़ी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
संसद के विशेष सत्र में लोक सभा में ‘चंद्रयान-3 की सफलता और अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की उपलब्धियां’ पर चर्चा के दौरान भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने पिछले महीने 21 सितंबर को दानिश अली के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया था। दानिश अली के अलावा लोक सभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले, टीएमसी सांसद अपरूपा पोद्दार, डीएमके सांसद कनिमोझी सहित विपक्ष के कई अन्य सांसदों ने लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर बिधूड़ी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश
वहीं दूसरी तरफ भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और रवि किशन ने भी लोक सभा अध्यक्ष बिरला को पत्र लिखकर दावा किया था कि पहले अली ने बिधूड़ी को उकसाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। भाजपा राज्य सभा सांसद हरनाथ सिंह यादव ने भी स्पीकर को पत्र लिखकर दानिश अली के व्यवहार की शिकायत की थी। सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ही पक्षों ने स्पीकर से इस मामले को विशेषाधिकार समिति के पास भेज कर जांच करवाने का आग्रह किया था। दोनों पक्षों की तरफ से कई सांसदों की शिकायत मिलने के बाद लोक सभा स्पीकर ओम बिरला ने सभी शिकायतों को सदन की विशेषाधिकार समिति को भेजते हुए पूरे मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया था।


Download Android App
Download iOS App



