केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने बृहस्पतिवार को लोकसभा में कहा कि वर्ष 2014 में देश में कुल रसोई गैस कनेक्शन 14 करोड़ थे जो बढ़कर अब 31 करोड़ से अधिक हो गए हैं। उन्होंने सदन में प्रश्नकाल के दौरान राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले और कुछ अन्य सदस्यों के पूरक प्रश्नों के उत्तर में यह भी कहा कि सरकार ने घरेलू गैस उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए कई कदम उठाए हैं तथा गैस कनेक्शन एवं गैस पाइपलाइन का भी विस्तार किया है।
28,000 करोड़ रुपये का नुकसान
पुरी ने बताया, ‘‘2014 में 14 करोड़ रसोई गैस कनेक्शन थे। आज 31 करोड़ से अधिक रसोई गैस कनेक्शन हैं और इसके अतिरिक्त गैस पाइपाइन का विस्तार किया गया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘विपणन कंपनियों ने गैस की कीमतें नहीं बढ़ाई हैं, जबकि उन्हें बहुत नुकसान हुआ है। उन्हें 28,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।’’

सभी माननीय सदस्य छोटे प्रश्न करें
मंत्री ने बताया कि पिछले साल एलपीजी गैस का घरेलू उत्पादन 18 प्रतिशत बढ़ा, लेकिन सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था में ऊर्जा की मांग भी बढ़ रही है। प्रश्नकाल के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पुरी से कहा कि वह पूरक प्रश्नों का संक्षेप में उत्तर दें। बिरला ने कहा, ‘‘सभी माननीय सदस्य छोटे प्रश्न करें और सभी माननीय मंत्री संक्षेप में उत्तर दें।’’


Download Android App
Download iOS App



