तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कहा है कि वह कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए भारत द्वारा उठाए गए प्रयासों को अपना समर्थन देते हैँ। दलाई लामा के कार्यालय के अनुसार तिब्बत के धार्मिक नेता ने अपने न्यास से ‘प्रधानमंत्री नागरिक सहायता एवं आपात स्थिति राहत कोष (पीएम केयर्स फंड)’ में सहायता राशि भी दी। उनके कर्मचारियों ने भी इस कोष में अपने एक दिन का वेतन दान दिया है।
दलाई लामा ने कहा कि यह कोष उन लोगों को तत्काल मदद पहुंचाएगा जो कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए देशव्यापी लॉकडाउन से कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे गए पत्र में उन्होंने कहा कि वह दुनिया के सामने इस वायरस की वजह से पेश आई चुनौती से निपटने के लिए अन्य दक्षेस देशों के साथ मिलकर उठाए गए कदमों के लिए वह प्रधानमंत्री मोदी की सराहना करते हैं।
मोदी ने 15 मार्च को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दक्षेस देशों के नेताओं के साथ इस मुद्दे पर चर्चा की थी और कहा था कि सदस्य देशों के स्वास्थ्य कर्मियों को साथ आना चाहिए और इस महामारी के खिलाफ मिलकर लड़ना चाहिए। उन्होंने इस दौरान आपदा कोष स्थापित करने का भी प्रस्ताव दिया था।


Download Android App
Download iOS App



