देश में मंकीपॉक्स के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इन मामलों को देखते हुए केन्द्र सरकार चिंता में है। वहीं केंद्र की मोदी सरकार ने मंकीपॉक्स से निपटने के लिए कमर कस ली है। केंद्र ने मंकीपॉक्स के मामलों की निगरानी और संक्रमण को रोकने के लिए एक कार्यबल का गठन किया है।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक देश में मंकीपॉक्स के मामलों पर नजर रखने और संक्रमण की रोकथाम के लिए उठाए जाने वाले कदमों के संबंध में निर्णय लेने के वास्ते एक कार्यबल का गठन किया गया है।
सरकार का मार्गदर्शन करेगा यह कार्यबल
सूत्रों ने बताया कि यह कार्यबल देश में संक्रमण का पता लगाने के लिए जांच केंद्रों के विस्तार को लेकर सरकार का मार्गदर्शन करेगा और बीमारी की रोकथाम के लिए टीकाकरण संबंधी पहलुओं पर नजर रखेगा। उस 22 वर्षीय पुरुष के मंकीपॉक्स से संक्रमित होने की सोमवार को पुष्टि हो गई, जिसकी केरल में पिछले सप्ताह मौत हो गई थी।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया है कि यह व्यक्ति हाल में संयुक्त अरब अमीरात से लौटा था और वहां भी उसके नमूने जांच में संक्रमित पाए गए थे। भारत में अब तक इस बीमारी के पांच मामले सामने आए हैं। कार्यबल के गठन का निर्णय देश में चल रही जनस्वास्थ्य संबंधी तैयारियों की समीक्षा के लिए 26 जुलाई को आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया था।
इस कार्यबल की अगुआई करेंगे डॉ. वीके पाल
नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वी के पॉल इस कार्यबल की अगुवाई करेंगे। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने हाल में मंकीपॉक्स को वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया है। वैश्विक स्तर पर, 75 देशों में मंकीपॉक्स के 16,000 से अधिक मामले पाए गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



