TOP – 5 NEWS 28 JUNE : आज की 5 सबसे बड़ी खबरें

Summary :

अमेरिका और कुवैत ने अपने यहां अवैध रूप से रहने के कारण पिछले एक साल के दौरान अपनी सजा पूरी कर चुके हजारों भारतीयों को कोरोना के चलते स्पेशल फ्लाइट्स से डिपोर्ट कर दिया था।

1 – अमेरिका और कुवैत ने डिपोर्ट किए 4,000 भारतीय, कई काट रहे थे विदेश में सजा
विदेश मंत्रालय की कोविड सेल इकाई द्वारा तैयार एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका और कुवैत ने अपने यहां अवैध रूप से रहने के कारण पिछले एक साल के दौरान अपनी सजा पूरी कर चुके हजारों भारतीयों को कोरोना के चलते स्पेशल फ्लाइट्स से डिपोर्ट कर दिया था। विदेश मंत्रालय की कोविड सेल इकाई द्वारा तैयार एक रिपोर्ट में ये जानकारी दी गई है। अकेले अमेरिका और कुवैत ने 4,000 लोगों को वापस भेजा। कुछ भारतीय एमनेस्टी उड़ानों से भी लौटे। विदेश मंत्रालय द्वारा तैयार रिपोर्ट में कहा गया है कि वंदे भारत मिशन के तहत पिछले साल 7 मई को महामारी के कारण विदेशों में फंसे नागरिकों को वापस लाने के लिए काम शुरू किया गया था।
2 – कोरोना वैक्सीन :  जुलाई में राज्यों को सिर्फ 12 करोड़ टीके ही देगी केंद्र सरकार
इस साल के अंत तक देश की व्यस्क आबादी का टीकाकरण पूरा कर लेगी। हालांकि, एक दिन में एक करोड़ टीके लगाए जाने का लक्ष्य अगले माह भी पूरा होता नहीं दिख रहा है। दरअसल, जुलाई में केंद्र सरकार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कोरोना रोधी टीके की 12 करोड़ खुराकें मुहैया करवाएगी। इसमें से 10 करोड़ डोज जहां कोविशील्ड की होंगी तो वहीं 20 करोड़ खुराकें कोवैक्सीन की होगी। वैक्सीन की 12 करोड़ खुराकों में से 75 फीसदी को केंद्र द्वार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को दिया जाएगा तो वहीं नई वैक्सीन नीति के तहत 25 फीसदी वैक्सीन निजी अस्पतालों के लिए रहेंगी। बता दें कि 21 जून से 27 जून का हफ्ता टीकाकरण के लिहाज से भारत के लिए सबसे बेहतर रहा है। इस हफ्ते में हर दिन औसतन 60 लाख टीके लगे हैं। 
3 – राजधानी में आज से खुल जाएंगे जिम, योग केंद्र और बैंक्वेट हॉल
दिल्ली में अनलॉक -5 के तहत आज से कंटेनमेंट जोन से बाहर आधी क्षमता के साथ जिम, फिटनेस सेंटर और योग केंद्र खोलने की इजाजत रहेगी। हालांकि महामारी की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए अधिकतर योग संस्थानों ने फिलहाल ऑनलाइन कक्षाएं ही जारी रखने का फैसला लिया है। उधर, जिम और बैंक्वेट हॉल संचालक रविवार को तैयारियों में व्यस्त रहे।  दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के आदेशों के तहत बैंक्वेट हॉल, मैरिज हॉल, होटल और कोर्ट में अधिकतम 50 लोगों की उपस्थिति में शादी की जा सकेगी। हालांकि बैंक्वेट हॉल संचालकों का कहना है कि डीडीएमए के आदेशों से उन्हें कोई राहत नहीं मिली है, क्योंकि अब उनके पास किसी समारोह की बुकिंग नहीं है।
4 – चीन सीमा से जोड़ने वाले चार पुलों का रक्षामंत्री आज करेंगे लोकार्पण
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चीन सीमा को जोड़ने वाली सड़कों पर नवनिर्मित चार पुलों का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सोमवार को लोकार्पण करेंगे। इनमें एक स्पान पुल जबकि तीन बैली ब्रिज शामिल हैं। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण ये पुल चीन सीमा तक सेना की पहुंच आसान करेंगे, साथ ही सीमांत के लोगों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। बीआरओ के हीरक परियोजना के चीफ इंजीनियर एमएनवी प्रसाद ने बताया कि जौलजीबी-मुनस्यारी सड़क पर जौनालीगाड़ में 6.5 करोड़ की लागत से 70 मीटर लंबे स्पान पुल का निर्माण किया गया है। 
5 – कोलकाता पुलिस के सामने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए आज पेश होंगे मिथुन चक्रवर्ती
बंगाल का चुनाव खत्म हो चुका है, लेकिन यह चुनाव अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती  के गले की फांस बन गया है। भड़काऊ बयान देने के मामले में कोलकाता पुलिस ने अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती को सोमवार यानी आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पेश होने के लिए कहा है। पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान उनके विवादास्पद भाषण को लेकर कोलकाता पुलिस पहले भी पूछताछ कर चुकी है। विवादित भाषण से संबंधित मामले में मिथुन के खिलाफ मानिकलता पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया था। एफआईआर रद्द करने की मांग को लेकर मिथुन ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। मामले में हाईकोर्ट ने पुलिस को मिथुन से पूछताछ करने का निर्देश दिया था। इसी सिलसिले में पुलिस उनसे वर्चुअली पूछताछ कर रही है।  

Desk Team