राष्ट्रपति मुर्मू के लिए उदित राज ने किया अपमानजनक Tweet, बीजेपी ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण

Summary :

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) के गुजरात दौरे के दौरान दिए गए भाषण पर कांग्रेस नेता उदित राज (Udit Raj) ने अपमानजनक ट्वीट किया है। उन्होंने राष्ट्रपति मुर्मू के लिए चापलूस शब्द का इस्तेमाल किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) के गुजरात दौरे के दौरान दिए गए भाषण पर कांग्रेस नेता उदित राज  (Udit Raj) ने अपमानजनक ट्वीट किया है। उन्होंने राष्ट्रपति मुर्मू के लिए चापलूस शब्द का इस्तेमाल किया। कांग्रेस नेता के इस ट्वीट को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा (Sambit Patra) ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। 
संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस नेता उदित राज द्वारा राष्ट्रपति मुर्मू के लिए इस्तेमाल किए गए शब्द चिंताजनक, दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया है। कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी ने भी ऐसा ही किया था। कांग्रेस नेताओं के यह बयान उनकी आदिवासी विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला (Shehzad Poonawalla) ने भी ट्वीट कर कहा, ‘अजय कुमार द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बुरा कहने के बाद और अधीर रंजन चौधरी ने ‘राष्ट्रपति’ शब्द का इस्तेमाल किया। अब कांग्रेस और निचले स्तर पर पहुंच गई है। पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति के लिए उदित राज ने अस्वीकार्य भाषा का इस्तेमाल किया। क्या कांग्रेस आदिवासी समाज के इस अपमान का समर्थन करती है।’


दरअसल, गुजरात दौरे के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राज्यपाल आचार्य देवव्रत द्वारा आयोजित अभिनन्दन कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि गुजरात में देश का नमक बनाया जाता है। ये भी कहा जा सकता है कि सभी देशवासी गुजरात का नमक खाते हैं। 

राष्ट्रपति मुर्मू के इस बयान पर कांग्रेस नेता उदित राज ने विवादित ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, ऐसी राष्ट्रपति किसी देश को ना मिले। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘द्रौपदी मुर्मू जी जैसा राष्ट्रपति किसी देश को न मिले। चमचागिरी की भी हद्द है। कहती हैं 70% लोग गुजरात का नमक खाते हैं. खुद नमक खाकर जिंदगी जिएं तो पता लगेगा।’

Desk Team