निजी विमानन कंपनी गो फर्स्ट का एक विमान हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट से 177 भारतीयों को लेकर शुक्रवार को नयी दिल्ली पहुंचा। ये सभी भारतीय नागरिक युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे हुए थे।
9 बजकर 20 मिनट पर पंहुचा दिल्ली
एयरलाइन कंपनी का कहना है कि यूक्रेन में फंसे हुए भारतीयों को वापस लाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन गंगा’ के तहत 10 मार्च तक प्रत्येक दिन दो उड़ानों का संचालन किया जाएगा। एयरलाइन की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक गो फर्स्ट के विमान ने 177 यात्रियों के साथ बुडापेस्ट से बृहस्पतिवार को स्थानीय समयानुसार शाम पांच बजकर 58 मिनट पर उड़ान भरी और शुक्रवार को पूर्वाह्न नौ बजकर 20 मिनट पर नयी दिल्ली पहुंच गया।
भारतीय नागरिकों को वापस लाया जा रहा
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कौशिक खोना ने कहा, “यह एक बड़ा मानवीय संकट है। गो फर्स्ट फंसे हुए भारतीयों को स्वदेश वापस लाने और उन्हें उनके प्रियजनों से मिलवाने में मदद करने के लिए और उड़ानों का संचालन करेगा।”
एयरलाइन ने कहा कि वह विदेश मंत्रालय की आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त उड़ानें प्रदान करने का भी प्रयास करेगी। गौरतलब है कि यूक्रेन का हवाई क्षेत्र 24 फरवरी को ही बंद कर दिया गया था। इसके बाद यूक्रेन के पड़ोसी देश रोमानिया, हंगरी और पोलैंड से विशेष उड़ानों के जरिए फंसे हुए भारतीय नागरिकों को वापस लाया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



