उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू 26 नवंबर को डेरा बाबा नानक – करतारपुर साहिब सड़क गलियारे की आधारशिला रखेंगे। यह सड़क गुरदासपुर जिले के मान गांव से पाकिस्तान से लगने वाली अंतरराष्ट्रीय सीमा तक जाएगी।
केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर बादल, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह इस मौके पर उपस्थित रहेंगे।
करतारपुर कॉरिडोर शिलान्यास समारोह में सिद्धू के बाद पाकिस्तान ने सुषमा और अमरिंदर सिंह को भेजा न्योता
भारत सरकार ने 2019 में गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में करतारपुर सड़क गलियारे के निर्माण का 22 नवंबर, 2018 को फैसला किया। इस सड़क का निर्माण भारत -पाकिस्तान सीमा तक एकीकृत विकास परियोजना के रूप में किया जायेगा।
इस गलियारे के निर्माण से सिख श्रद्धालु पाकिस्तान में रावी नदी के तट पर स्थित गुरुद्वारा दरबार साहिब में मत्था टेक सकेंगे।
सड़क परिवहन मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, “भारत के उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू 26 नवंबर, 2018 को पंजाब के गुरदासपुर जिले के मान गांव में एक कार्यक्रम के दौरान डेरा बाबा नानक करतारपुर साहिब सड़क गलियारे (अंतरराष्ट्रीय सीमा तक) के निर्माण की आधारशिला रखेंगे।”


Download Android App
Download iOS App




