उप राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष की साझा उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा के संबंध में अपनी रणनीति तय करने के लिये सोमवार को कई विपक्षी दलों के नेताओं ने बैठक की।राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार के आवास पर हुई इस बैठक में मार्गरेट अल्वा भी शामिल हुईं।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में अल्वा ने कहा, ‘‘उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में मेरा समर्थन कर रहे सभी नेताओं से मिलने के लिए मुझे आमंत्रित किया गया था। इसलिए हम सभी मिले, मैं सभी को मुझमें विश्वास जताने के लिए धन्यवाद देती हूं।’’
अल्वा ने एक ट्वीट में कहा कि भारत के उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए वह अपना नामांकन मंगलवार को भरेंगी।उन्होंने कहा, ‘‘इसमें कोई संदेह नहीं है कि यह मुश्किल चुनाव होगा, लेकिन मुझे किसी चुनौती से डर नहीं है। मैं सभी विपक्षी दलों के नेताओं को मेरी उम्मीदवारी का समर्थन करने के लिए धन्यवाद देती हूं।’’
अल्वा ने कहा, ‘‘मुझे पता है कि यह मुश्किल लड़ाई है, लेकिन राजनीति में जीत-हार कोई मुद्दा नहीं है, मुद्दा लड़ाई है।’’बैठक के बाद पवार ने ट्वीट किया, उपराष्ट्रपति के चुनाव पर चर्चा के लिये आज शाम मेरे नयी दिल्ली आवास पर विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक हुई।
अल्वा मंगलवार को नामांकन दाखिल करेंगी और इसके मौके पर कई विपक्षी नेता मौजूद रहेंगे।
पवार के आवास पर हुई बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और जयराम रमेश, माकपा महासचिव सीतराम येचुरी, भाकपा महासचिव डी राजा, द्रमुक नेता कनिमोई, समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव और कई अन्य विपक्षी नेता मौजूद रहे।
विपक्षी दलों ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने संयुक्त उम्मीदवार के रूप में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मार्गरेट अल्वा को मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला राष्ट्रीय जनतान्त्रिक गठबंधन के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ से है।उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए छह अगस्त को मतदान होगा।नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 19 जुलाई है।


Download Android App
Download iOS App



