विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) का टीकाकरण संबंधी रणनीतिक परामर्श विशेषज्ञ समूह (एसएजीई) भारत बायोटेक के कोविड रोधी टीके ‘कोवैक्सीन’ को आपात इस्तेमाल के लिए सूचीबद्ध किए जाने पर अपनी सिफारिशें देने के लिए अक्टूबर में बैठक करेगा। एसएजीई के मसौदा एजेंडे के अनुसार, इस दौरान भारत बायोटेक द्वारा टीके की सुरक्षा और चिकित्सीय परीक्षण (पहले से तीसरे चरण तक के नतीजों और विपणन बाद) के आंकड़ों के प्रभाव तथा खतरे के प्रबंधन की योजनाओं पर जानकारी दिए जाने की उम्मीद है।
संबंधित विशेषज्ञ समूह को टीके और प्रौद्योगिकी, अनुसंधान तथा विकास, टीके की आपूर्ति से लेकर अन्य स्वास्थ्य मुद्दों से इसके संबंध के बारे में वैश्विक नीतियों और रणनीतियों पर डब्ल्यूएचओ को सलाह देने का अधिकार है। एजेंडे में कहा गया है कि बैठक में कोवैक्सीन के पहले, दूसरे, तीसरे चरण के परीक्षणों के आंकड़ों और अन्य चीजों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की जाएगी।
भारत बायोटेक ने हाल में कहा था कि उसने आपात इस्तेमाल के लिए सूचीबद्ध किए जाने के वास्ते डब्ल्यूएचओ को कोवैक्सीन से संबंधित सभी आंकड़े सौंप दिए हैं और वह उसके जवाब का इंतजार कर रहा है। कोवैक्सीन कोरोना वायरस रोधी उन छह टीकों में से एक है जिन्हें भारत के दवा नियामक से आपात इस्तेमाल की मंजूरी मिली है तथा इसका कोविशील्ड और स्पूतनिक वी के साथ देशव्यापी टीकाकरण अभियान में इस्तेमाल किया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



