कोरोना वायरस ने भारत में दस्तक दे दी है। इसके प्रकोप को देखते हुए भारत में अलर्ट जारी किया गया है। इसी बीच विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने आज कहा कि भारतीय चिकित्सा दल आज ही ईरान पहुंच जाएगा और अधिकारी कोरोना वायरस के प्रकोप के मद्देनजर वहां फंसे भारतीयों की वापसी के लिए ईरान के अपने समकक्षों के साथ साजोसामान पर काम कर रहे हैं।

जयशंकर ने कहा कि भारतीय चिकित्सा दल के कोरोना वायरस के लिए जांच करने के वास्ते शाम तक कोम में पहला क्लीनिक स्थापित करने की संभावना है। मंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘ईरान में फंसे भारतीयों और उनके परिवारों के लिए जानकारी : जांच के लिए हमारा चिकित्सा दल आज ईरान पहुंच रहा है। शाम तक कोम में पहला क्लीनिक शुरू करने की उम्मीद है।

इसके तुरंत बाद जांच प्रक्रिया शुरू होगी। भारतीयों की वापसी के लिए साजोसामान पर ईरानी अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’’ उन्होंने एक अन्य ट्वीट किया, ‘‘मंत्रियों का समूह लगातार प्रक्रिया की निगरानी कर रहा है। परिवारों की चिंता समझते हैं। भरोसा रखिए।’’


Download Android App
Download iOS App



