उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 से 2,277 नए मरीज सामने आए हैं जबकि इसी अवधि में 25 और मरीजों की मौत हो गई है। इसी के साथ महामारी से अब तक जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 6,854 पर पहुंच गई है। शनिवार तक राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 4,68,238 हो चुकी है।
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने शनिवार को बताया कि राज्य में उपचाराधीन मरीजों की संख्या अब घटकर 27,681 हो गई है जबकि ठीक होने के बाद 4,33,703 संक्रमितों को अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। प्रसाद ने बताया कि अब राज्य में स्वस्थ होने की दर बढ़कर 92.62 प्रतिशत हो गई है। अपर मुख्य सचिव ने बताया कि शुक्रवार को 1.51 लाख परीक्षण किए गए जबकि राज्य में अब तक कुल 1.39 करोड़ से ज्यादा परीक्षण किए जा चुके हैं।
प्रसाद ने बताया कि अक्टूबर माह में कोविड-19 मरीजों की दर 2 प्रतिशत कम होने के बावजूद हर दिन किए जाने वाले परीक्षणों की संख्या में कोई ढिलाई नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि उपचाराधीन मरीजों में 12,683 मरीज घर पर पृथकवास में हैं जबकि 2,339 संक्रमितों का निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इसके बाद शेष सभी सरकारी अस्पतालों में भर्ती हैं।
प्रसाद ने बताया कि अभियान के तहत 4 लाख बच्चों की पहचान की गई है जिनका नवंबर माह में टीकाकरण किया जाएगा।उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत सात हजार गांवों में स्वर्ण कार्ड बनाये जाएंगे। विशेष बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटे में लखनऊ में 292, गौतमबुद्धनगर में 150, प्रयागराज में 149 और वाराणसी में 118 नए मरीज पाए गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



