उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के तिंदवारी थाना क्षेत्र में सहिंगा गांव के पास सोमवार शाम एक ऑटो रिक्शा (तिपहिया वाहन) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया, जिससे ऑटो चालक और उसके चाचा की मौत हो गई तथा ऑटो में सवार 18 अन्य सवारियां घायल भी हुई हैं।
तिंदवारी के थानाध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया, “सोमवार शाम करीब 5.30 बजे तिंदवारी कस्बे से सवारियां भरकर एक ऑटो बबेरू मार्ग स्थित अनौसा गांव जा रहा था। ऑटो पर क्षमता से अधिक सवारियां थीं और तेज रफ्तार होने की वजह से अनियंत्रित होकर सहिंगा गांव के पास सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया। जिससे उसमें दबकर ऑटो चालक अख्तर (38) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके चाचा हस्मत (45) ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।”
उन्होंने बताया, “इस हादसे में ऑटो में सवार 18 अन्य सवारियां घायल हो गई हैं, जिन्हें इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।” नीरज सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और इस संबंध में एक मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


Download Android App
Download iOS App



