औरैया में यमुना नदी में बह गईं 4 लड़कियां, दो की मौत, दो की तलाशी जारी

Summary :

उत्तर प्रदेश के औरैया में यमुना नदी में स्नान करने गई चार लड़कियां तेज बहाव में बह गईं। इस हादसे में दो लड़कियों के लापता होने की खबर है लेकिन अन्य दो के शवों को गोताखोरों ने बाहर निकाल लिया है।

उत्तर प्रदेश के औरैया में यमुना नदी में स्नान करने गई चार लड़कियां तेज बहाव में बह गईं। इस हादसे में दो लड़कियों के लापता होने की खबर है लेकिन अन्य दो के शवों को गोताखोरों ने बाहर निकाल लिया है। मृतकों की पहचान कीर्ति और तनु के रूप में हुई है। घटना मंगलवार को आयाना थाना क्षेत्र के फरिहा गांव की है। पांच लड़कियां नहाने के लिए गई थीं, तभी तेज धारा में फंस गईं।
उनके साथ स्नान कर रही प्रियंका नाम की लड़की बाहर आने में कामयाब रही। उसने चारों को डूबता देखा तो वो बाहर निकलकर भागी और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। जिन्होंने पुलिस को सूचित किया और और गोताखोरों के माध्यम से लापता लड़कियों की तलाश की जाने लगी। 
गोताखोरों ने दो लड़कियों के शव निकालने में कामयाबी हासिल की, लेकिन दो अन्य बह गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़कियां गांव में सुरेश कुमार नाम के युवक की शादी से पहले के कार्यक्रम में शामिल होने आई थीं और मंगलवार शाम को वे नदी में चली गईं। अजीतमल थाना क्षेत्र के अंचल अधिकारी प्रदीप कुमार ने कहा कि तलाशी अभी भी जारी है और निचले इलाकों के पुलिस थानों को भी अलर्ट पर रखा गया है।

Desk Team