उत्तर प्रदेश के जालौन में पुलिस की पिटाई और अभद्र व्यवहार से आहत हुई 22 साल की लड़की ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों के आरोपी दरोगा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस थाने के बाहर जमकर हंगामा किया। बवाल बढ़ता देख मौके पर पहुंचे सीओ ने परिजनों को जांच का आश्वासन दिया।
मामला जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र के नया रामनगर का है। जहां कल्लू चौधरी की 22 साल की बेटी नीशू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की बहन का कहना है कि शनिवार सुबह परिजनों ने नीशू को फंदे पर लटका पाया। जिसके बाद नीशू को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
.jpg)
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर को मृतक युवती बाजार गई थी, जहां बलदाऊ चौक के कुछ दुकानदारों ने उस पर चोरी का आरोप लगाते हुए दो सहेलियों के साथ पकड़ लिया था। दुकानदारों ने दरोगा योगेश पाठक को बुलाकर युवतिओं को उन्हें सौंप दिया था। पुलिस युवती और उसकी दो सहेलियों को कोतवाली लेकर गई थी। पूछताछ के बाद परिजनों को बुलाकर तीनों युवतियों को उनके हवाले कर दिया गया था।
परिजनों का आरोप है कि कोतवाली में तैनात दारोगा योगेश पाठक ने नीशू की पिटाई की थी, जिससे आहत होकर उसने खुदकुशी कर ली। जालौन के अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. अवधेश सिंह का कहना है कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जैसे ही कुछ खुलासा होगा उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



