अखिलेश ने चुनाव परिणाम को बदलने को लेकर प्रशासन पर उठाए सवाल, कहा- 2022 में जनता नहीं करेगी गलती

Summary :

अखिलेश यादव ने अमेठी में जिला पंचायत सदस्य के एक चुनाव परिणाम को बदले जाने के जिला प्रशासन के रवैये पर सवाल उठाते हुए तंज कसा कि प्रशासन भी सरकार की तर्ज पर काम कर रहा है।

समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अमेठी में जिला पंचायत सदस्य के एक चुनाव परिणाम को बदले जाने के जिला प्रशासन के रवैये पर सवाल उठाते हुए तंज कसा कि प्रशासन भी सरकार की तर्ज पर काम कर रहा है मगर जनता कह रही है कि वह 2022 में भाजपा को सत्ता में लाने की गलती नहीं करेगी। अखिलेश यादव ने रविवार को ट्वीट के साथ जिला पंचायत सदस्य के दो प्रमाणपत्र संलग्न किये है जिसमें एक में जिला पंचायत सदस्य नीलम यादव का नाम है जबकि दूसरे में यह नाम कृष्णा देवी किया गया है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने ट्वीट में लिखा ‘‘जैसा शासन, वैसा प्रशासन। उत्तर प्रदेश के अमेठी में प्रशासन द्वारा कुछ दिनों बाद चुनाव परिणाम ये कहते हुए बदल दिया गया कि गलती से दूसरे वार्ड के वोट गिन लिए गये थे। घोर कलियुग है।’’ पूर्व मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुये कहा ‘‘भाजपा सरकार से जनता कह रही है कर लो जितनी गलती करनी है पर अब 2022 में हम गलती नहीं करेंगे।’’ 

Desk Team