समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उन्होंने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर एक्सप्रेस-वे की लागत कम करने के लिए गुणवत्ता से समझौता करने का आरोप लगाया। यादव ने गाजीपुर जिला प्रशासन द्वारा एक्सप्रेस-वे पर चलने की इजाजत नहीं दिए जाने पर मंगलवार को सपा द्वारा फूल चढ़ाकर सांकेतिक रूप से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन का ऐलान भी किया।
अगर आपने एक्सप्रेस-वे पर अपनी रफ्तार बढ़ा दी तो हो सकता है आपको कमर दर्द और पेट दर्द हो जाए
सपा अध्यक्ष ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा “जिस गुणवत्ता के साथ पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बनना चाहिए था, उससे समझौता किया गया है। इसे उस गुणवत्ता के साथ नहीं बनाया गया है। अभी बरसात हुई थी, उसमें इसकी गुणवत्ता की कलई खुल गई है। पता नहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कौन सी मिलावट की है कि अगर आपने एक्सप्रेस-वे पर अपनी रफ्तार बढ़ा दी तो हो सकता है आपको कमर दर्द और पेट दर्द हो जाए।”
पता नहीं हमारे बाबा मुख्यमंत्री ने कौन सी गुणवत्ता लाने का काम किया है
पूर्व मुख्यमंत्री ने गुणवत्तापूर्ण काम करने वाली कंपनियों से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का काम छीने जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर वही कंपनियां पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को बनाती तो यह आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे से ज्यादा अच्छा बनता।उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा “लेकिन पता नहीं हमारे बाबा मुख्यमंत्री ने कौन सी गुणवत्ता लाने का काम किया है। शायद प्रधानमंत्री जी मुख्यमंत्री जी से पूछेंगे कि केवल सस्ता बनाने की कोशिश में गुणवत्ता से समझौता कर लिया गया।”
चुनाव में श्रेय लेने के लिए भाजपा आधी-अधूरी तैयारी के साथ एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने जा रही है
यादव ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में श्रेय लेने के लिए भाजपा आधी-अधूरी तैयारी के साथ एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने जा रही है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 16 नवंबर को 22,500 करोड़ रुपए की लागत से बने करीब 341 किलोमीटर लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का सुल्तानपुर में लोकार्पण करेंगे।
सपा फूल चढ़ाकर सांकेतिक रूप से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेगी
गाजीपुर जिला प्रशासन द्वारा 16 नवंबर को पार्टी की रथ यात्रा को एक्सप्रेस-वे से गुजरने की अनुमति नहीं दिए जाने का जिक्र करते हुए यादव ने कहा “उद्घाटन के बहाने किसी को एक्सप्रेस वे पर चलने की अनुमति नहीं दी गई है। अब सपा फूल चढ़ाकर सांकेतिक रूप से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेगी और बहुत जल्द पार्टी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर चलने का कार्यक्रम बनाएगी।”
अखिलेश यादव की विजय रथ यात्रा को एक्सप्रेस-वे से गुजरने की इजाजत नहीं दी
गौरतलब है कि गाजीपुर जिला प्रशासन ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 16 नवंबर को सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन कार्यक्रम का हवाला देते हुए अखिलेश यादव की विजय रथ यात्रा को एक्सप्रेस-वे से गुजरने की इजाजत नहीं दी है। गाजीपुर के जिलाधिकारी एमपी सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार 16 नवंबर को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा कारणों से आम लोगों का आवागमन बंद रहेगा।
बहादुर समाजवादी कार्यकर्ताओं ने अपनी साइकिल कंधे पर उठाई
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘एक बार बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सरकार ने पूरा पुलिस बल लगाकर सपा कार्यकर्ताओं को एक्सप्रेस-वे पर चलने से रोक दिया था लेकिन बहादुर समाजवादी कार्यकर्ताओं ने अपनी साइकिल कंधे पर उठाई और उस एक्सप्रेस-वे पर चलाकर उसी दिन उद्घाटन कर दिया था। हो सकता है कि आने वाले समय में समाजवादी लोग एक्सप्रेस-वे पर अपनी साइकिल चला दें।’’
जब तक नाम बदलकर तख्ती पर लिखवाएंगे तब तक तो सरकार बन जाएगी
प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा आजमगढ़ का नाम बदलकर ‘आर्यमगढ़’ किए जाने की अटकलों के बारे में पूछे गए सवाल पर सपा अध्यक्ष ने कहा, “अगर आजमगढ़ का नाम बदला जाएगा तो सपा सरकार जब सत्ता में आएगी तो फिर दोबारा इसे बदल दिया जाएगा। जब तक नाम बदलकर तख्ती पर लिखवाएंगे तब तक तो सरकार बन जाएगी।”


Download Android App
Download iOS App



