विकास दुबे के एनकाउंटर पर बोले अखिलेश- कार नहीं पलटी बल्कि सरकार पलटने से बचाई गयी

Summary :

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने यूपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दरअसल ये कार नहीं पलटी है, राज खुलने से सरकार पलटने से बचाई गयी है।

एसटीएफ अधिकारियों के साथ शुक्रवार सुबह कथित मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल होने के बाद गैंगस्टर विकास दुबे ने दम तोड़ दिया। कथित तौर एक सड़क दुर्घटना के दौरान जब उसका वाहन पलट गया तो उसने भागने की कोशिश की, इसी दौरान वह मारा गया। इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने यूपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दरअसल ये कार नहीं पलटी है, राज खुलने से सरकार पलटने से बचाई गयी है।

मिली जानकारी के अनुसार विकास को खून से लथपथ हालत में हैलट अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में ले जाया गया। एसएसपी कानपुर दिनेश कुमार ने कहा कि डॉक्टरों ने विकास दुबे की मौत की पुष्टि की है। जैसे ही मीडियाकर्मी अस्पताल में एकत्र होने लगे, अस्पताल के गेट बंद कर दिए गए और एसटीएफ अधिकारियों ने घटनाक्रम पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

रिपोर्ट्स के अनुसार, काफिला जैसे ही कानपुर के बर्रा पुलिस क्षेत्र में पहुंचा, वहां भारी बारिश के कारण सड़क पर वाहन स्किडिंग के बाद पलट गई। इसी वाहन में विकास बैठा था। इस हादसे में विकास सहित वाहन में सवार दो अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। घटना के बाद पलटे वाहन से जैसे ही विकास को बाहर निकाला गया, उसने कथित रूप से एसटीएफ टीम से पिस्तौल छीन ली और पुलिस पर गोली चलाने की कोशिश की। जवाबी गोलीबारी में वह बुरी तरह घायल हो गया।
विकास को सीने पर एक गोली लगी, जिससे वह बेहोश हो गया। इस मुठभेड़ में दो एसटीएफ पुलिस कर्मी भी घायल हो गए। एसटीएफ के अधिकारियों ने हादसे को स्वीकार किया, लेकिन गैंगस्टर को लगी चोटों के बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। कोई भी अधिकारी विकास पर टिप्पणी करने को तैयार नहीं है।

STF की गाड़ी पलटने के बाद विकास दुबे ने की भागने की कोशिश, एनकाउंटर में मारा गया हिस्ट्रीशीटर

Desk Team