समाजवादी पार्टी(सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार (नौ सितंबर) को रामपुर में आजम के परिवार से मुलाकात करेंगे। अखिलेश के रामपुर दौरे को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है।
सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने शनिवार को बताया, ‘अखिलेश यादव नौ सितंबर को लखनऊ से कार से 10 बजे बरेली प्रस्थान करेंगे। बरेली में पार्टी के पूर्व विधायक सियाराम सागर के निधन पर उनके घर शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद शाम करीब चार बजे रामपुर पहुंचेंगे। रामपुर आजम खान के परिवार और अन्य कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे। उनका नौ सितंबर को रामपुर के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है।’
उल्लेखनीय है कि रामपुर में अभी भी धारा 144 लागू है। खुफिया विभाग अलर्ट है। प्रशासन टकराव की आशंका के चलते सतर्क है।
ज्ञात हो कि समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने आजम खां के समर्थन में प्रेस कन्फ्रेंस करके पार्टी कार्यकर्ताओं से संघर्ष करने का आह्वान किया था। मुलायम ने एसपी कार्यकर्ताओं और नेताओं से आजम खां के समर्थन में खड़े होने को कहा था।
उन्होंने कहा था कि ‘पार्टी आजम खां के मामले में चुप नहीं बैठेगी। जरूरत पड़ी तो मैं भी आगे आऊंगा। आजम खां की बेइज्जती का कार्यकर्ता विरोध करें।’
रामपुर से सपा सांसद आजम खां के खिलाफ सरकारी तथा किसानों की जमीन पर कब्जा करने के साथ ही बिजली चोरी, अतिक्रमण, भैंस चोरी तथा अभ्रद्र भाषा का इस्तेमाल करने के 81 से अधिक मामले दर्ज हैं। उनके खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी हो गया है। तीन मामलों में कोर्ट से उनकी गिरफ्तारी का वारंट जारी हुआ है।


Download Android App
Download iOS App



