केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज कुशीनगर और संतकबीरनगर में आयोजित चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित किया। गृह मंत्री ने सोमवार को दावा किया कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में पांच चरणों के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने बहुमत के बराबर सीटें प्राप्त कर ली हैं और अब छठे और सातवें चरण में मतदाताओं को 300 पार वाली सरकार बनाने के लिए वोट डालना है।
अमित शाह ने कहा कि प्रदेश के पांच चरणों के चुनाव में बीजेपी ने बहुमत के बराबर सीटें प्राप्त कर ली है और छठे और सातवें चरण में मतदाताओं ने 300 पार वाली सरकार बनाने के लिए वोटिंग करनी है। उन्होंने पिछली सरकारों में “बुआ और भतीजा” (मायावती और अखिलेश यादव) पर उत्तर प्रदेश को जाति के आधार पर विभाजित करने का आरोप लगाते हुए सपा और बसपा दोनों पर निशाना साधा और कहा कि अगर एक सरकार सत्ता में आएगी तो एक जाति के लिए काम करेगी और दूसरी आई तो दूसरी जाति के लिए काम करेगी।
यूपी चुनावः महाराजगंज में PM मोदी बोले- घोर परिवारवादी भारत को समर्थ, प्रदेश को सशक्त नहीं बना सकते
शाह ने कहा कि बीजेपी की सरकारों ने सबका साथ-सबका विकास के मंत्र के साथ काम किया। अमित शाह ने कहा कि बीजेपी सरकार बना दो और बीजेपी सरकार बनने के बाद उप्र में किसी भी किसान को बिजली का बिल नहीं भरना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि बिजली मुफ्त मिलेगी, गरीबों की बच्चियों को उच्च शिक्षा के लिए मुफ्त में स्कूटी, उच्च शिक्षा के छात्रों को टैबलेट और स्मार्टफोन देने का वादा किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की केंद्र और राज्य सरकार की उन्होंने खूब सराहना की और कहा कि योगी जी ने चुन-चुनकर माफियाओं को उप्र से खदेड़ने का काम किया है। कोरोना काल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की चर्चा करते हुए शाह ने अखिलेश के ‘भाजपा टीका’ वाले बयान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर उप्र के लोग अखिलेश जी के बहकावे में आकर टीका न लगवाते, तो क्या कोरोना के तीसरी लहर में बच पाते।
उन्होंने कहा कि रात के अंधेरे में अखिलेश यादव ने खुद ही टीका लगवा लिया। गृह मंत्री ने तंज किया कि ये कैसे नेता हैं, जो अपने राजनीतिक स्वार्थ की पूर्ति के लिए जनता को बहकाने का काम करते हैं।” शाह ने खुद को वर्ष 2013 में उप्र का प्रभारी बनाए जाने के बाद राजनीतिक बदलावों की चर्चा करते हुए कहा कि 2014 में उत्तर प्रदेश ने 80 में से 73 सीटें बीजेपी की झोली में डालकर पहली बार किसी गैर कांग्रेसी दल को बहुमत से ज्यादा सीटें जिताई थीं और मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाया था। कुशीनगर और संतकबीरनगर के विधानसभा क्षेत्रों में छठे चरण में तीन मार्च को मतदान होगा।


Download Android App
Download iOS App



