नोएडा में थाना सेक्टर 20 क्षेत्र के सेक्टर चार में एक कंपनी में गैस सिलेंडर फटने से घायल हुए करीब छह कर्मचारियों में से एक की बुधवार को दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गयी। कंपनी के मालिक के खिलाफ थाना सेक्टर 20 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने इस बारे में बताया।अपर पुलिस उपायुक्त रणविजय सिंह ने बताया, ‘‘सेक्टर 4 के ए- ब्लॉक में स्थित एक कंपनी में मंगलवार को गैस सिलेंडर फटने की वजह सेजोरदार धमाका हुआ।
घटना में रवि कुमार, नदीम, बालकिशन, शंभू, इंद्रदेव सहित करीब छह कर्मचारी झुलस गए थे।’’उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल कर्मचारियों को उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर किया गया। लेकिन उपचार के दौरान बुधवार शाम को रवि की मौत हो गई।अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में जांच जारी है।अपर उपायुक्त ने बताया कि पवन शर्मा नामक व्यक्ति ने थाना सेक्टर 20 में कंपनी के मालिक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया है।


Download Android App
Download iOS App



