अपर्णा का अखिलेश को जवाब, BJP में शामिल होने के बाद मुलायम सिंह से लिया आशीर्वाद

Summary :

अपर्णा यादव ने विधानसभा चुनावों से पहले बीजेपी में शामिल होने के बाद अपने ससुर मुलायम सिंह यादव के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।

समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की छोटी बहु अपर्णा यादव ने विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गई। भगवा दल में जाने के बाद यादव परिवार की छोटी बहु ने अपने ससुर मुलायम सिंह के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। 
अपर्णा ने शुक्रवार को मुलायम सिंह यादव का पैर छूकर आशीर्वाद लेने की एक तस्वीर ट्विटर पर साझा की। अपर्णा ने ट्वीट में कहा, ‘‘बीजेपी की सदस्यता लेने के बाद लखनऊ आने पर पिताजी/नेताजी से आशीर्वाद लिया।’’अपर्णा की यह तस्वीर अखिलेश के इस बयान का भी जवाब मन जा रहा है जिसमें उन्होंने कहा था कि नेताजी ने अपर्णा यादव को बीजेपी नहीं जाने के लिए समझाया था, लेकिन वह नहीं मानीं। 


अपर्णा ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करके दिल्ली से लखनऊ अमौसी एयरपोर्ट पहुंचने पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं द्वारा भव्‍य स्‍वागत किया गया। मैं आप सबको धन्यवाद ज्ञापित करती हूं कि इतनी बड़ी संख्या में पधार कर आप सबने मेरा सम्मान बढ़ाया और उत्साहवर्धन किया।’’

मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा बुधवार को नयी दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में पार्टी में शामिल हो गईं थीं। अपर्णा के बीजेपी में शामिल होने पर उन्हें बधाई देते हुए समाजवादी पार्टी के प्रमुख और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पत्रकारों से कहा था कि नेताजी (मुलायम) ने उन्हें (अपर्णा) समझाने की काफी कोशिश की थी।

यूपी : मैनपुरी के करहल से चुनाव लड़ सकते हैं अखिलेश यादव, समाजवादी पार्टी का माना जाता है गढ़

अपर्णा के भाजपा में शामिल होने के बारे में किए गए सवालों पर बुधवार को अखिलेश ने कहा था, ‘‘मैं उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दूंगा। इस बात की खुशी है कि हमारी समाजवादी विचारधारा का विस्तार हो रहा है। मुझे उम्मीद हैं कि हमारी विचारधारा वहां पहुंच कर संविधान और लोकतंत्र को बचाने का काम करेगी।’’ 

Desk Team