भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री अरूण सिंह सोमवार को राज्यसभा प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन करेंगे। रामपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) की तंजीम फतिमा के विधानसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद उत्तर प्रदेश के लिये राज्यसभा की सीट रिक्त हुयी है। इस सीट पर भाजपा उम्मीदवार को निर्विरोध चुने जाना लगभग तय माना जा रहा है।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं चुनाव प्रबंधन प्रभारी जेपीएस राठौर ने बताया कि श्री सिंह कल सुबह साढे दस बजे भाजपा प्रदेश मुख्यालय से चलकर भाजपा विधान मण्डल कार्यालय पहुंचेंगे जहां 11 बजे वे अपना नामांकन करेंगे।
भाजपा प्रत्याशी के नामांकन में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डा। दिनेश शर्मा समेत अन्य नेता मौजूद रहेंगे।
मिर्जापुर जिले के निवासी अरुण सिंह को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का करीबी माना जाता है। वह राष्ट्रीय महासचिव के साथ केंद्रीय कार्यालय प्रभारी का दायित्व भी संभाले हुए हैं। वह अभी किसी सदन के सदस्य नहीं हैं। पहली बार संसद के उच्च सदन में जाएंगे हालांकि उनका कार्यकाल 25 नवंबर 2020 तक ही रहेगा।
राज्यसभा की खाली सीट के लिए उप चुनाव का मतदान 12 दिसंबर को होगा। सुबह नौ से शाम चार बजे तक मतदान होगा, जबकि पांच बजे से मतगणना होगी। इसका परिणाम भी 12 दिसंबर को घोषित किया जाएगा। इस खाली सीट पर निर्वाचन सम्पन्न कराने की अंतिम तारीख 16 दिसंबर है।


Download Android App
Download iOS App



