Baghpat News: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रही है, जिसने लोगों को चौंका दिया है। वीडियो में एक व्यक्ति अपनी कार के अंदर बड़ी मात्रा में 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियों को सजा कर सड़कों पर घूमता नजर आ रहा है। यह वीडियो बड़ौत कस्बे के मुख्य बाजार क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां यह शख्स खुलेआम अपनी दौलत का प्रदर्शन करता दिखा।
कार के डैशबोर्ड पर नोटों की गड्डियां
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक कार के सामने के डैशबोर्ड पर दर्जनों 500-500 रुपये की नोटों की गड्डियाँ करीने से सजाई गई हैं। कार शहर के व्यस्त बाजार से लेकर आस-पास के अन्य रास्तों पर घंटों तक घूमती रही। जिसने भी इस नज़ारे को देखा, वह हैरान रह गया। गाड़ी में इस तरह नोटों की सजावट किसी फिल्मी सीन से कम नहीं लग रही थी।
सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी इस तरह खुलेआम पैसों का प्रदर्शन नहीं देखा। जिसने भी गाड़ी देखी, वह कुछ देर के लिए ठिठक कर इसे देखने लगा। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई। कुछ लोग इसे “ग़रीबी में दिखावा” बता रहे हैं तो कुछ ने इसे कानून व्यवस्था से जुड़ी चिंता का मुद्दा बना दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ गया है। अधिकारियों ने कहा है कि इतनी भारी मात्रा में नकदी का इस तरह खुलेआम प्रदर्शन न सिर्फ कानून का उल्लंघन हो सकता है, बल्कि यह आपराधिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दे सकता है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गाड़ी किसकी है, ये नकदी कहां से आई और इसका मकसद क्या था।
क्या है कानून का पक्ष?
विशेषज्ञों के अनुसार, खुले स्थानों पर इतनी बड़ी मात्रा में नकदी रखना या दिखाना संदिग्ध गतिविधियों की ओर इशारा कर सकता है। आयकर विभाग भी इस तरह की जानकारी मिलने पर जांच कर सकता है। यदि पैसे का स्रोत वैध नहीं हुआ, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
यह भी पढ़ें: अमरोहा में दर्दनाक हादसा, गंगा में डूबे परिवार के तीन सगे भाई, सर्च ऑपरेशन जारी


Download Android App
Download iOS App




