उत्तर प्रदेश के बांदा जिला जेल में बंद बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी कोरोना संक्रमित हो गया है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जेल जाकर सैंपल लिया था। रविवार को आई रिपोर्ट में 291 लोग संक्रमित मिले हैं। इसमें मुख्तार अंसारी सहित जेल के कई बंदी पॉजिटिव पाए गए हैं। मुख्तार अंसारी की हालत स्थिर है।
बांदा में कुल संक्रमितों की संख्या 6760 पहुंच गई है। सक्रिय संक्रमितों की संख्या 1538 है। जिले में अब तक कोरोना से 76 मौतें हुईं हैं। बता दें कि भारत में एक दिन में कोविड-19 के रिकॉर्ड 3,49,691 नए मामले आने के साथ ही संक्रमण के मामले बढ़कर 1,69,60,172 पर पहुंच गए जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या 26 लाख के पार चली गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि के दौरान संक्रमण के कारण 2,767 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 1,92,311 पर पहुंच गई है। संक्रमण के मामले बढ़ने का सिलसिला थम नहीं रहा है और देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 26,82,751 हो गई है जो संक्रमण के कुल मामलों का 15.82 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की दर गिरकर 83.05 प्रतिशत रह गई है। आंकड़ों के अनुसार इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,40,85,110 हो गई है जबकि मृत्यु दर गिरकर 1.13 प्रतिशत रह गई है।


Download Android App
Download iOS App



