Barabanki Bus Accident: CM योगी ने जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान

Summary :

Barabanki Bus Accident: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने कई परिवारों को शोक की घड़ी में डुबा दिया। इस हादसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री ने हादसे की जानकारी मिलते ही अधिकारियों को तुरंत घायलों के इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रशासन को आदेश दिया कि घायल व्यक्तियों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनका उचित उपचार कराया जाए। साथ ही उन्होंने सभी घायलों के…

Barabanki Bus Accident: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने कई परिवारों को शोक की घड़ी में डुबा दिया। इस हादसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री ने हादसे की जानकारी मिलते ही अधिकारियों को तुरंत घायलों के इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रशासन को आदेश दिया कि घायल व्यक्तियों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनका उचित उपचार कराया जाए। साथ ही उन्होंने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

मुख्यमंत्री कार्यालय का बयान

मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए सीएम योगी का बयान साझा किया। इसमें कहा गया, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी में हुए सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए हैं और सभी घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को आदेश दिए हैं।”

Barabanki Bus Accident

हादसे की पूरी जानकारी

यह दुखद घटना बाराबंकी जिले के हरख चौराहे के पास स्थित राजा बाजार क्षेत्र में हुई। भारी बारिश के दौरान हैदरगढ़ जा रही एक सवारी बस पर अचानक एक बड़ा पेड़ गिर पड़ा। पेड़ गिरने से बस की छत पूरी तरह टूट गई और उसमें बैठे कई यात्री उसके नीचे दब गए।

चार लोगों की मौत, कई घायल

हादसे में बस चालक समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।

वायरल हुआ हादसे का वीडियो

इस हादसे से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बस के अंदर फंसे एक महिला और एक पुरुष को देखा जा सकता है। यह वीडियो देखकर लोग घटना की गंभीरता का अंदाजा लगा सकते हैं। वहीं घटना के तुरंत बाद पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।