उत्तर प्रदेश के बीसलपुर पुलिस थाने में तैनात सर्कल अधिकारी ने एक विवाद को निपटाने की कोशिश में मारौरी खास गांव के ग्राम प्रधान संजीव अवस्थी से कथित तौर पर आरोपी के पैरों में नाक रगड़वाई। इस मामले में पीलीभीत से बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने डीजीपी को पत्र लिखा है। वरुण ने अपने पत्र में घटना की निंदा करते हुए अमानवीय करार दिया।
उन्होंने अपने पत्र में लिखा, मेरे संसदीय क्षेत्र पीलीभीत के विकास खंड बिलसंडा (पीलीभीत) की ग्राम पंचायत मरौरी खास की निवर्तमान प्रधान के पति व पूर्व प्रधान संजीव अवस्थी के साथ सीओ बीसलपुर विनीत सिंह ने न सिर्फ गालीगलौच व दुर्व्यवहार किया बल्कि जबरन पैर छू कर नाक रगड़वाने का मामला मेरी जानकारी में आया है। यह बहुत ही निंदनीय है।
क्या है मामला
पूर्व सीओ बीसलपुर विनीत सिंह पर निवर्तमान प्रधान के पति और पूर्व प्रधान संजीव अवस्थी से जबरन नाक रगड़वाने का आरोप है। विनीत सिंह बिलसंडा के एसएचओ रविंद्र कुमार के साथ जमीन का एक विवाद सुलझाने गांव पहुंचा था। कथित तौर पर आरोपी गुड्डू अवैध रूप से मंदिर परिसर में रहता है और उसी के इशारे पर पुलिस अधिकारी यहां आए थे।
बीजेपी विधायक राम सरन वर्मा के अनुसार आरोपी कई तरह के गलत काम में शामिल रहता है। विनीत सिंह ने गांव को प्रधान को पहले गुड्डू के पैर छूने का निर्देश दिया और फिर 3 बार उसके पैरों में नाक रगड़ने के लिए मजबूर किया।
विधायक राम शरण वर्मा ने कहा कि उन्होंने अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी, डीजीपी एचसी अवस्थी और पीलीभीत के एसपी जय प्रकाश यादव को पत्र लिखकर पुलिस अधिकारी के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही आगे की कार्रवाई का निर्णय लेने के लिए ग्राम प्रधान संघ की तत्काल बैठक बुलाने की भी अपील की है।
इस घटना को लेकर प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष आशुतोष दीक्षित ने कहा, “हम एक निर्णायक लड़ाई लड़ेंगे और जब तक कि दोषी सर्कल अधिकारी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं होती हम लड़ाई जारी रखेंगे।” इस बीच एसएचओ रवींद्र कुमार ने कहा कि उन्होंने 4 दिन पहले ही थाने का प्रभार संभाला था और उन्हें गुड्डू की आपराधिक गतिविधियों की जानकारी नहीं थी।
वहीं पीलीभीत के एसपी जय प्रकाश यादव ने कहा कि उन्होंने अतिरिक्त एसपी पवित्र मोहन त्रिपाठी को आरोपों की जांच करने और गांव जाकर मामले से जुड़े सभी लोगों के बयान लेने का आदेश दिया है।


Download Android App
Download iOS App



