ओम प्रकाश राजभर इन दिनों काफी चर्चा में है। सीएम योगी से मुलाकात करना हो या फिर अखिलेश यादव पर निशाना साधना ही क्यों ना हो राजभर कही भी पीछे नहीं हट रहे है। इस बीच कुछ तस्वीरें यूपी के बलिया से वायरल हो रही है, जिसके कई मायने लगाए जा रहे है। दरअसल, बलिया में बाबा रामदल सूरजदेव हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन करने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पहुंचे थे।
उपमुख्यमंत्री के साथ सुभासपा अध्यक्ष राजभर भी थे मौजूद
इसी दौरान उपमुख्यमंत्री के साथ सुभासपा अध्यक्ष राजभर भी मौजूद थे। लोगों को काफी आश्चर्य हो रहा था कि राजभर एक मिनट के लिए भी डिप्टी सीएम को नहीं छोड़ रहे थे। इसके बाद जब मीडिया द्वारा इस बात को लेकर डिप्टी सीएम से सवाल किया गया तो उन्होंने कुछ ऐसा कह दिया, जिसके कई सियासी मायने निकलने लगे है।
मेरी और राजभर की दोस्ती स्थाई: उपमुख्यमंत्री
दरअसल, हॉस्पिटल के इनॉग्रेशन के बाद जब मीडिया ने डिप्टी सीएम से पूछा की आप और राजभर साथ दिख रहे है तो क्या ये जोड़ी आगे भी बनी रहेगी। इस सवाल के जवाब में पाठक ने कहा, मेरी और राजभर की दोस्ती स्थायी है। इसमें कुछ बदलने वाला नहीं है। इसके बाद जब मीडिया ने पूछा कि क्या 2024 में ये जोड़ी बनेगी रहेगी तो उनका कहना था कि ‘ये आप क्यों पूछ रहे हैं और आगे की बात है।’ डिप्टी सीएम के साथ राजभर भी मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे।
सुभासपा के 20वें स्थापना दिवस पर समाजवादी पार्टी के खिलाफ राजभर ने खोला था मोर्चा
बता दें, ना सिर्फ ब्रजेश पाठक बल्कि राजभर भी कई बार अखिलेश यादव पर निशाना साधने के साथ ही साथ बीजेपी की तारीफ़ कर चुके है। राजभर ने पिछले दिनों सुभासपा के 20वें स्थापना दिवस पर समाजवादी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। वो सपा और अखिलेश यादव पर निशाना साधने का एक मौका नहीं छोड़ रहे थे। साथ ही उनके बीजेपी से रिश्ते काफी मधुर होने लगे थे। इसलिए लोगों का यही सवाल है कि क्या राजभर बीजेपी के साथ वापस आएंगे या नहीं।


Download Android App
Download iOS App



