उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को कहा कि महाराष्ट्र के आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा ‘महा विजय’ हासिल करेगी। मौर्य ने कहा कि पार्टी ने उन्हें महाराष्ट्र के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सह प्रभारी नियुक्त किया है। ”मुझे पूर्ण विश्वास है कि भाजपा महाराष्ट्र में महाविजय हासिल करेगी।”
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता को भलीभांति पता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देवेन्द्र फडणवीस चाहिए और फड़णवीस को मोदी चाहिए। दोनों एक दूसरे के पूरक हैं। भाजपा ने 2014 के विधानसभा चुनाव में 288 सीटों में से 122 पर जीत हासिल की थी। शिवसेना के खाते में 63 सीटें आयी थीं। कांग्रेस को 42 और राकांपा को 41 सीटें हासिल हुई थीं।
उत्तर प्रदेश के विधानसभा उपचुनाव के बारे में मौर्य ने कहा कि निश्चित तौर पर नतीजे भाजपा के पक्ष में होंगे। पूरे देश में भाजपा की लहर चल रही है और पार्टी को जनता का काफी मजबूत समर्थन हासिल है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाये जाने के बारे में मौर्य ने कहा कि पूरा देश इस फैसले से खुश है। लोग महसूस कर रहे हैं कि पहली बार किसी सरकार, जिसने सौ दिन पूरे किये, ने वह कर दिखाया जो पिछले सौ साल में नहीं हो सका था। ये बहुत बड़ी उपलब्धि है।


Download Android App
Download iOS App



