समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि भाजपा विपक्षी दलों के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के चलते आने वाले दिनों में कांग्रेस की तरह राजनीतिक रूप से खत्म हो जाएगी। अखिलेश ने जाति जनगणना पर भी जोर देते हुए कहा कि यह 2024 के लोकसभा चुनाव में एक प्रमुख मुद्दा होगा।

जाति जनगणना का उठाया मुद्दा
उन्होंने कोलकाता में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, पहले कांग्रेस केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करती थी और अब भाजपा ऐसा कर रही है। कांग्रेस अब खत्म हो गई है। भाजपा का भी यही हश्र होगा। सपा नेता ने दावा किया कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन-2 (संप्रग-2) सरकार के दौरान कांग्रेस ने जाति जनगणना कराने का वादा किया था, लेकिन बाद में पीछे हट गई।
भाजपा को हराना होगा लक्ष्य
अखिलेश ने कहा, हम चाहते हैं कि भाजपा नीत केंद्र सरकार जाति जनगणना कराए। कई नेता इसकी मांग कर रहे हैं। लेकिन, कांग्रेस की तरह भाजपा भी जाति जनगणना कराने की इच्छुक नहीं है। आम चुनाव के मद्देनजर संभावित विपक्षी मोर्चे का फॉर्मूला क्या होगा, इस बारे में अखिलेश ने कहा कि इसका खुलासा नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, हम विपक्षी मोर्चे के फॉर्मूले का खुलासा नहीं करेंगे। हमारा उद्देश्य भाजपा को हराना है।



Download Android App
Download iOS App



