उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में बहुजन समाज पार्टी के 60 वर्षीय नेता की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सोमवार को मेंहनगर थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। बीएसपी नेता की हत्या के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मेंहनगर थाना क्षेत्र के खुनंदनपुर गांव निवासी कलामुद्दीन खान बीएसपी के नेता थे। वह आजमगढ़ के निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र से दो बार बीएसपी के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके थे। सोमवार देर शाम अपने घर के सामने बैठे कलामुद्दीन पर अचानक मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने गोलियां चला दी। घायल कलामुद्दीन को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले गए, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी भेज दिया।
वाराणसी में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर छापेमारी की। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि बसपा नेता के खिलाफ भी पूर्व में कई मामले दर्ज हुए थे। उनके ऊपर हत्या सहित आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज थे।
पिछले कुछ वर्षो से वह लखनऊ में अपने बेटे के पास रहते थे और प्रापर्टी डीलर का काम करते थे। रविवार को ही वह घर पर आये थे जहां बदमाशों ने उनकी हत्या कर दी। इस घटना में ग्राम प्रधान सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



