उन्नाव के असोहा क्षेत्र में तीन लड़कियों की हालत को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बीते बुधवार को 13, 16 और 17 साल की ये लड़कियां गांव के एक खेत में बेसुध हालत में मिली थीं। जिसमें से दो की मौत हो गई थी, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस अधीक्षक आनंद कुलकर्णी ने शनिवार को बताया कि बबुरहा गांव में 17 फरवरी को घटित घटना के संबंध में डा उदित राज नामक ट्विटर हैंडल से गलत, भ्रामक व आम जनमानस में आक्रोश फैलाने वाली पोस्ट की गई थी जिसे लेकर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए मुकदमा पंजीकृत किया है।
उन्होने बताया कि डॉ उदित राज नामक ट्विटर एकाउंट से वास्तविक तथ्यों से परे पोस्टमार्टम आदि साक्ष्यों की उपेक्षा करते हुए मृतकाओं के साथ बालात्कार होने तथा उनके शवों को घर वालों की मरजी के खिलाफ जला दिये जाने विषयक अफवाह से आम जनमानस में आक्रोश उत्पन्न करने का प्रयास किया गया था।
कुलकर्णी ने बताया पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों लड़कियों के साथ किसी प्रकार के बालात्कार की पुष्टि नहीं हुई है। एवं परिजनों द्वारा शवों को बिना दबाव स्वयं से दफनाया गया है। उन्होंने बताया उपरोक्त ट्वीट द्वारा जानबूझकर मनगढ़ंत एवं फर्जी खबरों को सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया जिसके चलते ही ट्वीटकर्ता के विरुद्ध थाना कोतवाली सदर उन्नाव में धारा 153 भादंवि व 66 आईटी एक्ट का अभियोग पंजीकृत करके विधिक कार्यवाही की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



