उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य भले ही जारी हो, लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मंदिर बनकर जरूर तैयार हो गया है। राम जन्मभूमि से लगभग 25 किलोमीटर दूर बने इस मंदिर में रोजाना भजन-कीर्तन के साथ मुख्यमंत्री की आरती भी की जाती है।
मुख्यमंत्री योगी का ये मंदिर प्रयागराज हाईवे पर भरत कुंड के पास प्रभाकर मौर्य नाम के एक युवक ने बनवाया है। जानकारी के मुताबिक, मंदिर उस स्थान पर बनाया गया है जहां भगवान श्रीराम के वनवास जाने पर उनके छोटे भाई भरत ने उनकी खड़ाऊं रखी थी। इस स्थान का काफी महत्व है। अब मंदिर के चर्चे दूर-दूर तक हो रहे हैं। इतना ही नहीं आस-पास के लोग इस मंदिर को देखने भी पहुंच रहे हैं।

मंदिर बनाने वाले प्रभाकर ने कहा कि जो राम का मंदिर बनवाया है हमने उनका मंदिर बनवाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यों से वह बेहद प्रभावित हैं। मुख्यमंत्री ने जिस तरह से लोक कल्याण के काम किए हैं उससे उन्होंने भगवान जैसा स्थान हासिल कर लिया है। इसीलिए उनके मन में मुख्यमंत्री का मंदिर बनाने का विचार आया।
योगी के इस मंदिर में नियमित पूजा-आरती की जाती है। इसके साथ ही लोगों में प्रसाद भी बांटा जाता है। मंदिर में मूर्ति की लम्बाई योगी आदित्यनाथ की लम्बाई के बराबर ही है। मूर्ति के कपड़े भी वो हैं, जो सीएम योगी पहनते हैं। मंदिर के प्रचार प्रसार के लिए ऑडियो और वीडियो कैसेट भी बनाए जा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



