उत्तर प्रदेश विधानसभा ने बिहार के नवनियुक्त राज्यपाल फागू चौहान को शुक्रवार को बधाई दी। राज्य के संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा, ”यह सदन माननीय सदस्य फागू चौहान को बिहार राज्य का राज्यपाल बनाये जाने पर बधाई देता है।
फागू चौहान का इस सदन में लंबे समय तक कार्यकाल रहा है। हम सदस्यों के लिए गौरव की बात है कि उन्हें बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।” चौहान का जन्म आजमगढ़ में हुआ था। उन्होंने स्नातक तक शिक्षा प्राप्त की। उसके बाद पहली बार विधानसभा में 1985 में घोसी विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए।
जिसके बाद वह 1991, 1996, 2002, 2007 और 2017 में विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए। खन्ना ने सदन को सूचित किया कि चौहान कल्याण सिंह, राम प्रकाश गुप्ता, राजनाथ सिंह और मायावती के मंत्रिमंडल के सदस्य रहे हैं। उन्होंने कहा कि चौहान अपने क्षेत्र एवं जनता के बीच लोकप्रिय नेता हैं।
सदन में जनमानस से जुड़े विषय उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा, ”उत्तर प्रदेश विधानसभा तथा प्रदेश के लिए हर्ष का विषय है कि सदन के ऐसे सदस्य को बिहार का राज्यपाल बनाया गया है।” इसके बाद सपा, बसपा, कांग्रेस, अपना दल (एस), सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेताओं ने भी चौहान को बधाई दी।
सदन में मौजूद फागू चौहान ने सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद पीठासीन अधिकारी सुखदेव राजभर ने बधाई प्रस्ताव सदन के समक्ष रखा, जिसे ध्वनिमत से पारित कर दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



