कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरूवार को उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल उस जगह गया, जहां बुधवार को 10 आदिवासियों की हत्या कर दी गयी थी।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश से प्रकरण की न्यायिक जांच कराने की मांग की। कांग्रेस विधायक दल के नेता अजय सिंह लल्लू ने प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।
लल्लू ने बताया कि उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को रिपोर्ट सौंप दी है। प्रियंका गांधी जल्द ही पीड़ितों से मिलने आएंगी।
मृतकों को 25-25 लाख रुपए तथा घायलों को 15-15 लाख रुपए और भूमि का पट्टा दिए जाने की मांग करते हुए लल्लू ने कहा कि मामले की न्यायिक जांच उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश से कराई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार इस घटना को भूमि विवाद बताकर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। वहां के आदिवासी लगातार अपनी समस्याओं के निदान की मांग करते आए हैं, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक ने इसकी अनदेखी की।
अजय कुमार ने आरोप लगाया कि प्रतिनिधिमंडल को यह भी पता लगा कि जब भूमाफिया आदिवासियों पर गोलियां बरसा रहे थे, उस वक्त पुलिस हेल्पलाइन पर कई फोन किए गए लेकिन पुलिस साजिश के तहत देर से मौके पर पहुंची।


Download Android App
Download iOS App



