कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद प्रज्ञा ठाकुर द्वारा महात्मा गांधी के हत्यारे नाथू राम गोडसे को लेकर संसद में विवादास्पद टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को यहां प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में राजधानी लखनऊ में जीपीओ पार्क स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ नारेबाजी की और भजन किया।
इस मौके पर लल्लू ने कहा, ‘‘लोकतंत्र के मंदिर संसद में भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर के बयान ने पूरे देश के लोगों को गहरा आघात पहुंचाया है। कांग्रेस पार्टी गांधी जी के सिद्धान्तों पर चलते हुए उनके विचारों को मानने वाली पार्टी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी राष्ट्रपिता गांधीजी के हत्यारे का लोकतंत्र के मंदिर में संसद में महिमामंडन करने वाली प्रज्ञा ठाकुर की कड़ी निंदा करती है। जो लोग गंभीर मामलों में आरोपी थे उन्हें टिकट देकर सांसद बनाया गया। संघ और भाजपा ने उन्हें प्रोत्साहित करके एक उदाहरण पेश किया है। एक तरफ भाजपा सरकार गांधीजी की 150वीं जयंती पर कार्यक्रम आयोजित करती है, दूसरी तरफ उनके सांसदों के बयान देश के लोगों की भावनाएं आहत करते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी भाजपा और उसकी सरकार से मांग करती है कि यदि आप गांधी के विचारों के साथ हैं, वास्तव में गांधीजी के विचारों को मानते हुए उनकी 150वीं जयंती मना रहे हैं तो अविलम्ब प्रज्ञा ठाकुर को पार्टी से निकालिये और उनके खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मामला दर्ज कराइये।


Download Android App
Download iOS App



